शिव कथा का भावपूर्ण समापन, उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
कटकुही में गूंजा ‘हर हर महादेव’: चार दिवसीय विशाल शिव कथा का भावपूर्ण समापन, उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
कॉर्न सिटी: चमन चंचलेश साहू, जुन्नारदेव
कटकुही। जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कटकुही में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित चार दिवसीय विशाल शिव कथा का भव्य एवं भावुक समापन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर पूरा गांव ही नहीं, बल्कि आसपास का क्षेत्र भी शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। कथा स्थल पर “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयकारों से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो उठा।
चार दिनों तक चली इस दिव्य
शिव कथा में कटकुही सहित समीपवर्ती गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन उपस्थित हुए। कथा व्यासपीठ से भगवान शिव की महिमा, माता पार्वती की तपस्या, भक्ति की शक्ति तथा जीवन में धर्म और संस्कारों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रवचनों के दौरान कई श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा का प्रत्येक प्रसंग श्रद्धालुओं के हृदय को स्पर्श करता रहा और उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत करता रहा।
कथा के तीसरे दिन सुनील उइके, विधायक जुन्नारदेव ने कथा स्थल पहुंचकर पूजन-अर्चन किया तथा कथा श्रवण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों और आपसी एकता को मजबूत करते हैं।
वहीं समापन दिवस पर छिंदवाड़ा जिले के भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव एवं ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भूषण सूर्यवंशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा और बढ़ गई। उन्होंने समिति के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की कामना की।
समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था अत्यंत सुव्यवस्थित रही। सेवा में जुटे स्वयंसेवकों और समिति सदस्यों ने पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से व्यवस्था संभाली। श्रद्धालुओं ने आयोजन की भव्यता और अनुशासन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
शिव पार्वती चौराहा धाम मंदिर समिति, कटकुही के सदस्यों ने बताया कि यह पावन आयोजन पिछले 16 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। समिति ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग, श्रद्धालुओं की आस्था और भगवान शिव की कृपा से यह परंपरा आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी। उन्होंने सभी शिव भक्तों, दानदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
ग्राम कटकुही की यह शिव कथा केवल एक धार्मिक आयोजन भर नहीं रही, बल्कि यह सामाजिक समरसता, आस्था और संस्कारों का सशक्त प्रतीक बनकर उभरी। चार दिनों तक चला यह आध्यात्मिक महोत्सव क्षेत्रवासियों के लिए अविस्मरणीय बन गया।
समापन के साथ ही पूरे क्षेत्र में एक ही स्वर गूंजता रहा—
“बोलो हर-हर महादेव!”
