किसान का ट्रैक्टर हड़पकर दूसरे को बेचने का आरोप, न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित
छिंदवाड़ा में बड़ा ट्रैक्टर घोटाला! किसान का ट्रैक्टर हड़पकर दूसरे को बेचने का आरोप, न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित
Corn cityछिंदवाड़ा। जिले में ट्रैक्टर खरीद-फरोख्त से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक किसान ने आरोप लगाया है कि उसके साथ छल-कपट कर उसका ट्रैक्टर गायब कर दिया गया और बाद में उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया। पीड़ित किसान ब्रजकुमार नागवंशी ने इस मामले में मुख्यमंत्री, पुलिस मुख्यालय और जिला पुलिस अधिकारियों को शिकायत भेजकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
mp online
पीड़ित के अनुसार उसने वर्ष 2017 में एलएनटी फाइनेंस कंपनी से करीब 4 लाख 22 हजार रुपये का ऋण लेकर स्वराज ट्रैक्टर खरीदा था और लगभग 60 हजार रुपये नगद भी जमा किए थे। आरोप है कि जतीन अरोरा नाम के व्यक्ति ने धोखे से ट्रैक्टर से जुड़े दस्तावेज और चेक अपने पास ले लिए और बाद में ट्रैक्टर को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। इतना ही नहीं, किसान पर लगभग 1 लाख 34 हजार रुपये का चेक बाउंस का मामला भी दर्ज करा दिया गया।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपना ट्रैक्टर वापस मांगा तो उसे धमकाया गया और आरसी पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया। किसान का कहना है कि आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर ट्रैक्टर को नया बताकर बेच दिया, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि वह अनुसूचित जाति से है और उसकी सामाजिक स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने आर्थिक शोषण किया। किसान ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, छल-कपट और एससी-एसटी अत्याचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। पीड़ित किसान का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन करने को मजबूर होगा।
