खूनी खेल, दंपती पर जानलेवा हमला कर घर और बाइक फूँकी;
जुन्नारदेव: जमीनी रंजिश में खूनी खेल, दंपती पर जानलेवा हमला कर घर और बाइक फूँकी; मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार
Corn City । संतोष आमरे।जुन्नारदेव (छिंदवाड़ा) | 08 अप्रैल, 2026 छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव थाना अंतर्गत ग्राम मोयारी में पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। एक सनसनीखेज वारदात में, आरोपियों ने न केवल एक बुजुर्ग दंपती पर जानलेवा हमला किया, बल्कि उनके घर और संपत्ति को भी आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
विवाद की वजह: बरसों पुरानी जमीनी रंजिश
घटना के पीछे की मुख्य वजह जमीन पर कब्जे का विवाद बताया जा रहा है। प्रार्थी सुभद्रा बेलवंशी और उनके पति इन्दू बेलवंशी का भादू यदुवंशी के साथ जमीन और मकान खाली करने को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए भादू के साले रामकिशन नागवंशी ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
आधी रात को तांडव: दंपती घायल, संपत्ति खाक
घटना 4 अप्रैल की देर रात की है। जब दंपती अपने घर के आंगन में सो रहे थे, तभी आरोपी रामकिशन और दो किशोरों ने लाठियों से हमला बोल दिया। हमले में दंपती के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। जान बचाने के लिए जब वे वहाँ से भागे, तो आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं:
बाइक को किया आग के हवाले: आंगन में खड़ी नई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जला दी।
अनाज और चारा राख: घर में रखा करीब 3-4 क्विंटल मक्का और चारा जला दिया गया।
पूरे घर में लगाई आग: घर के छप्पर पर चारा डालकर माचिस से पूरे मकान को आग लगा दी गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे के निर्देशन में गठित टीम और एफएसएल (FSL) विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मुख्य आरोपी रामकिशन नागवंशी (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल 14 और 16 वर्षीय दो किशोरों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर संप्रेक्षण गृह, नरसिंहपुर भेज दिया गया है।
पुलिस ने दर्ज की FIR: आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (326 G, 109-1, 331-7 और 3-5) में मामला दर्ज किया गया है।
टीम की सफलता
इस अंधे कत्ल की कोशिश और आगजनी के मामले को सुलझाने में थाना प्रभारी निरीक्षक जगोतिन मसराम, उप निरीक्षक पूनम उइके, मुकेश डोंगरे, जिला वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. अजीता जौहरी और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बांस की लाठियाँ और मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं।
