15°C New York
April 14, 2026
सुबह पुरुष, शाम को महिला बनकर हाजिर हो रहे श्रमिक!
Chhindwara Latest News Madhaya Pradesh

सुबह पुरुष, शाम को महिला बनकर हाजिर हो रहे श्रमिक!

Apr 13, 2026

मनरेगा में ‘इच्छाधारी’ मजदूरों का खेल: सुबह पुरुष, शाम को महिला बनकर हाजिर हो रहे श्रमिक!

Corn City। संतोष आमरे।छिंदवाड़ा (जुन्नारदेव): जिले की जनपद पंचायतों में मनरेगा (MNREGA) कार्यों में चल रही अनियमितताएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला ग्राम पंचायत दातलावाडी का है, जहां मस्टर रोल की फोटो में मजदूरों का ‘कायाकल्प’ देखकर हर कोई हैरान है। यहाँ एनएमएमएस (NMMS) ऐप पर जो अटेंडेंस अपलोड की गई है, उसमें सुबह की फोटो में पुरुष श्रमिक नजर आ रहे हैं, जबकि शाम की फोटो में वही मजदूर अचानक महिलाओं में तब्दील हो गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

ग्राम पंचायत दातलावाडी में कार्य कोड 1736005048/WC/22012035328215 के तहत “कॉलेज टंकी के पास वार्ड नंबर 02 में परकोलेशन टैंक” का निर्माण कार्य चल रहा है। दिनांक 03 अप्रेल 2026 के मस्टर रोल नंबर 09 के विश्लेषण में गंभीर लापरवाही सामने आई है:

• सुबह की हाजिरी (10:29 AM): राकेश नामक मेट द्वारा ली गई फोटो में स्पष्ट रूप से 4 महिलाएं और 2 पुरुष श्रमिक दिखाई दे रहे हैं।

• शाम की हाजिरी (03:56 PM): उसी कार्यस्थल पर ली गई दूसरी फोटो में पुरुषों की जगह 6 महिला श्रमिक खड़ी नजर आ रही हैं।

• अटेंडेंस का गणित: मस्टर रोल के अनुसार कुल 06 श्रमिक उपस्थित दर्शाए गए हैं, जिनमें बबीता, संतोष, सनियाबाई, खुशोद बी, आमिर सिद्दीकी और हेमा जगदेव शामिल हैं।

राज्य शासन के आदेशों की सरेआम अवहेलना

मनरेगा कार्यों में फेस स्कैन और NMMS ऐप के माध्यम से फोटो अपलोड करने में बरती जा रही इस लापरवाही पर राज्य शासन पहले ही कड़ा रुख अपना चुका है। मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद के आयुक्त ने हाल ही में पत्र क्रमांक 1/926559/2026/MPSEGC/MIS/NR-10 (दिनांक 06-04-2026) जारी कर जिले के जिम्मेदार अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी थी। इसके बाद भी अभी भी पंचायतो में ऐसे कृत्य अनवरत जारी है आदेश के बावजूद इसके, धरातल पर जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी इन नियमों का खुल्ला उल्लंघन कर रहे हैं। सुबह पुरुष और शाम को महिला मजदूरों की फोटो अपलोड करना और तो और शाम की फ़ोटो भी अपलोड न करके न केवल तकनीक का मजाक है, बल्कि सरकारी धन के दुरुपयोग की ओर भी इशारा करता है।