राशन वितरण में धांधली: अंगूठा लगवाकर राशन डकारने का आरोप
जुन्नारदेव में राशन वितरण में धांधली: अंगूठा लगवाकर राशन डकारने का आरोप, सेल्समैन के खिलाफ ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
CORN CITY जुन्नारदेव (छिंदवाड़ा):विकासखंड जुन्नारदेव के अंतर्गत आने वाले ग्राम गोरखघाट की शासकीय उचित मूल्य दुकान (क्रमांक 3605076) में राशन वितरण को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने सेल्समैन पर कालाबाजारी और मनमानी का आरोप लगाते हुए अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) जुन्नारदेव को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
अंगूठा लगवाकर ऑनलाइन घटाया राशन, भौतिक वितरण से वंचित
एसडीएम को सौंपे गए शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि उचित मूल्य दुकान का सेल्समैन पिछले दो महीनों से 30 से 35 पात्र हितग्राहियों के साथ धोखाधड़ी कर रहा है। आरोप है कि सेल्समैन हितग्राहियों को दुकान पर बुलाकर पीओएस (POS) मशीन में अंगूठा लगवा लेता है और उनके हिस्से का राशन ऑनलाइन तो दर्ज कर देता है, लेकिन उन्हें वास्तव में गेहूं, चावल और नमक का वितरण नहीं किया जाता।
बहानेबाजी से परेशान गरीब आदिवासी परिवार
ग्रामीणों का कहना है कि जब भी वे अपने हिस्से का खाद्यान्न मांगने जाते हैं, तो सेल्समैन द्वारा “आज माल खत्म हो गया है”, “कल आना”, “सर्वर नहीं चल रहा” या “केवाईसी (KYC) अपडेट नहीं है” जैसे बहाने बनाकर उन्हें लौटा दिया जाता है। इस मनमानी के चलते क्षेत्र के दर्जनों गरीब आदिवासी परिवार विगत दो माह से अपने हक के राशन से वंचित हैं और भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं।
दोषी सेल्समैन पर कार्रवाई और राशन दिलाने की मांग
गोरखघाट के समस्त ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से निम्नलिखित मांगें की हैं:
दुकान के भौतिक स्टॉक एवं पीओएस (POS) मशीन के वितरण रिकॉर्ड का मिलान कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।
जिन 30-35 हितग्राहियों का राशन मशीन में घटाया गया है, उन्हें तत्काल राशन उपलब्ध कराया जाए।
खाद्यान्न की कालाबाजारी करने वाले दोषी सेल्समैन को पद से हटाकर उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
इस ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर छिंदवाड़ा और जिला आपूर्ति अधिकारी को भी प्रेषित कर जल्द से जल्द न्याय दिलाने की गुहार लगाई गई है। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में पीड़ित हितग्राही और ग्रामीण मौजूद रहे।
