अंबाड़ा में युवक का व्हाट्सएप हैक कर परिचितों से मांगी जा रही थी रकम, जुन्नारदेव पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा फ्रॉड
कॉर्न सिटी। अंबाड़ा/जुन्नारदेव: साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों के बीच जुन्नारदेव पुलिस की सजगता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी ठगी होने से बच गई। पीएम आवास योजना के नाम पर फर्जी एपीके (.apk) फाइल डाउनलोड करने से अंबाड़ा निवासी एक व्यक्ति का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया था, जिसे पुलिस ने तत्काल सही कराते हुए संभावित आर्थिक नुकसान से बचा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज (06 अक्टूबर) अंबाड़ा निवासी रमाशंकर पाल के मोबाइल पर ‘पीएम आवास योजना’ के नाम से एक संदिग्ध .apk फाइल आई थी। जैसे ही उन्होंने इस फाइल को डाउनलोड किया, उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैकर के नियंत्रण में चला गया।
अकाउंट हैक करने के बाद अज्ञात साइबर ठग उनके व्हाट्सएप से परिचितों और रिश्तेदारों को मैसेज भेजकर आपात स्थिति का हवाला देते हुए अवैध रूप से पैसों की मांग करने लगा।
मामले की गंभीरता को भांपते हुए पीड़ित रमाशंकर पाल ने बिना देर किए तत्काल थाना जुन्नारदेव पहुंचकर उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे को आपबीती बताई। थाना प्रभारी के निर्देशन में उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे ने मामले पर त्वरित एक्शन लिया और तकनीकी सहायता से पीड़ित का व्हाट्सएप अकाउंट रिकवर कर उसे सुरक्षित किया।
पुलिस की इस तत्परता से रमाशंकर पाल और उनके परिचित किसी भी प्रकार की वित्तीय ठगी का शिकार होने से बच गए।
पुलिस की अपील:
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि व्हाट्सएप या सोशल मीडिया पर अज्ञात स्रोतों से आने वाली किसी भी प्रकार की .apk फाइल, संदिग्ध लिंक या पीएम आवास योजना/सरकारी योजनाओं के नाम पर आने वाले अनधिकृत मैसेज को डाउनलोड या ओपन न करें। किसी भी प्रकार की साइबर गतिविधि का संदेह होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचित करें।
