नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई जारी, सड़क पर रखा सामान किया गया जब्त
Corn city छिंदवाड़ा। नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय के निर्देशानुसार शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में नगर निगम की अतिक्रमण टीम द्वारा टाउन हॉल के सामने एवं टाउन हॉल के पीछे स्थित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिन दुकानदारों द्वारा दुकान का सामान निर्धारित सीमा से बाहर सार्वजनिक मार्ग पर रखा गया था, उनका सामान जब्त किया गया। साथ ही संबंधित दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि भविष्य में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा सामान सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर न रखें।
इसके अतिरिक्त सेंट्रल बैंक क्षेत्र, इतवारी बाजार, मोहबे मार्केट, पटवा एवं चूड़ी मार्केट की दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों के सामने चूड़ियों के टेबल एवं अन्य सामग्री सड़क पर न रखें, जिससे यातायात एवं आमजन की आवाजाही बाधित न हो।
कार्रवाई के दौरान मोतीलाल किराना के सामने स्थित मटका बाजार मेन रोड पर भी अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सड़क पर रखा सामान जब्त किया गया। नगर निगम प्रशासन ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें तथा अपने निर्धारित क्षेत्र के भीतर ही व्यवसाय संचालित करें।
नगर निगम ने चेतावनी दी है कि भविष्य में अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
