15°C New York
February 15, 2026
अवैध उत्खनन, परिवहन, भंडारण पर सख्ती के कार्रवाई के निर्देश
Chhindwara Latest News

अवैध उत्खनन, परिवहन, भंडारण पर सख्ती के कार्रवाई के निर्देश

Feb 12, 2026

खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भंडारण पर सख्ती के लिए जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित

कलेक्टर ने दिये प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

Corn City छिंदवाड़ा जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आज कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में आयोजित की गई।

बैठक में पेंच टाइगर रिजर्व, वन विभाग, परिवहन विभाग तथा मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी, टास्क फोर्स के सचिव सह संयोजक जिला खनिज अधिकारी एवं समिति के सचिव श्री रविंद्र परमार सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे। बैठक में जिले में संचालित खनिज गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अवैध उत्खनन,परिवहन और भंडारण के मामलों पर प्रभावी कार्यवाही के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अवैध खनिज गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध निरंतर और संयुक्त रूप से अभियान चलाया जाए। राजस्व, पुलिस, खनिज, वन एवं परिवहन विभाग समन्वय स्थापित कर नियमित निरीक्षण एवं आकस्मिक कार्रवाई सुनिश्चित करें। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा जब्त किए गए वाहनों एवं खनिज सामग्री के प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सूचना तंत्र को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बिना अनुमति खनिज भंडारण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला खनिज अधिकारी श्री रविंद्र परमार ने जानकारी दी कि पूर्व में की गई कार्रवाई के तहत कई प्रकरण दर्ज कर राजस्व वसूली की गई है। जारी वित्तीय वर्ष में अवैध उत्खनन के 102 प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड राशि 22 लाख 32 हजार की वसूली की गई, अवैध परिवहन के 238 प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड राशि 1 करोड़ 95 लाख की वसूली की गई है और अवैध भंडारण के 30 प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड राशि 2 लाख 40 हजार की वसूली की गई है। …..जनसंपर्क विभाग