15°C New York
April 14, 2026
हमला करने वाले नकाबपोश गिरफ्तार, पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
Chhindwara Latest News Madhaya Pradesh

हमला करने वाले नकाबपोश गिरफ्तार, पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह

Apr 7, 2026

धुरेंडी की रात घर में घुसकर हमला करने वाले नकाबपोश गिरफ्तार, पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह

Corn City। संतोष आमरे।जुन्नारदेव (छिंदवाड़ा): जुन्नारदेव पुलिस ने एक माह पूर्व होली के त्यौहार पर ग्राम बिलावर कला में हुए सनसनीखेज हमले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जाँच में सामने आया कि यह हमला किसी बाहरी लूटपाट के इरादे से नहीं, बल्कि आपसी विवाद के चलते रची गई एक सोची-समझी साजिश थी।

घटना का विवरण

घटना 6 मार्च 2026 की रात करीब 11:30 बजे की है। ग्राम बिलावर कला में रहने वाली बुग्गो बाई धुर्वे के घर में दो नकाबपोश आरोपियों ने घुसकर सो रहे परिवार पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया था। इस हमले में बुग्गो बाई, उनके मेहमान दीपचंद कुमरे, 17 वर्षीय संध्या और एक 10 वर्षीय बालक शुभम गंभीर रूप से घायल हुए थे। शोर मचने पर आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे।

एक माह की विवेचना और खुलासा

थाना प्रभारी निरीक्षक जे. मसराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक महीने तक सघन जांच की। तकनीकी और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि घटना से दो दिन पहले प्रार्थिया बुग्गो बाई का गांव की ही शांति बाई कुमरे के साथ झगड़ा हुआ था। संदेह के आधार पर जब शांति बाई के दामाद अकलेश नर्रे से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

साजिश और गिरफ्तारी

पूछताछ में आरोपी अकलेश ने बताया कि उसकी सास शांति बाई ने विवाद का बदला लेने के लिए उसे उकसाया था। इसके बाद अकलेश ने अपने साथी सुनील नर्रे और एक नाबालिग के साथ मिलकर हमले की योजना बनाई।

पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

* अकलेश नर्रे (29 वर्ष): निवासी ढोलनखापा।

* सुनील नर्रे (18 वर्ष): निवासी ढोलनखापा।

* शांति बाई कुमरे (47 वर्ष): निवासी बिलावरकला (साजिशकर्ता)।

* एक विधि विरुद्ध बालक: जिसे अभिरक्षा में लिया गया है।

बरामदगी और कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो लोहे की रॉड, एक नीले रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल (MP28MS5442), घटना के समय पहने कपड़े और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए तीनों वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

इस सफलता में थाना प्रभारी के साथ उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार कुमरे और साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा।