15°C New York
February 16, 2026
नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल के लिये पोर्टेबल एक्स-रे मशीन प्रदान करने की घोषणा
Chhindwara Latest News Madhaya Pradesh

नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल के लिये पोर्टेबल एक्स-रे मशीन प्रदान करने की घोषणा

Feb 15, 2026

 

अतिरिक्त नर्सिंग स्टाफ की भी होगी नियुक्ति

कॉर्न सिटी। छिन्दवाड़ा। छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस में विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में बढ़ते कार्यभार को देखते हुए डीन डॉ. अभय कुमार द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। आज डीन डॉ.अभय कुमार, अधीक्षक डॉ.विपिन जैन, शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. पवन नंदुरकर, एसएनसीयू इंचार्ज डॉ.अंशुल लांबा तथा एचआईसीसी सदस्य डॉ. पूर्ति त्रिपाठी और डॉ. हिमांशु सिंह ने एसएनसीयू का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीन डॉ.अभय कुमार द्वारा पोर्टेबल एक्स-रे मशीन प्रदान करने की घोषणा की गई, जिसे एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल माना जा रहा है। इस अवसर पर डीन डॉ.कुमार ने कहा कि नवजात शिशुओं की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए उन्हें त्वरित और सटीक जांच सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। पोर्टेबल एक्स-रे मशीन उपलब्ध होने से अब गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं को जांच के लिए बाहर ले जाने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे संक्रमण का खतरा कम होगा और शिशुओं को समय पर उपचार मिल सकेगा।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि इकाई में भर्ती नवजात शिशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और गंभीर मामलों की देखभाल के लिए अतिरिक्त सहयोग की आवश्यकता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीन डॉ.कुमार द्वारा तत्काल प्रभाव से एक अतिरिक्त नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति का निर्णय लिया गया, ताकि शिशुओं को समय पर और गुणवत्तापूर्ण देखभाल मिल सके।

इस निर्णय से एसएनसीयू में कार्यरत चिकित्सा दल को बड़ी राहत मिलेगी तथा प्रत्येक नवजात शिशु की निगरानी और उपचार अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सा कर्मियों ने इस संवेदनशील और सराहनीय पहल के लिए डीन डॉ.कुमार का आभार व्यक्त किया।