अंबाड़ा में मारपीट और एससीएसटी एक्ट के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन आरोपी गिरफ्तार, जिला बदर की तैयारी
कॉर्न सिटी। संतोष आमरे।जुन्नारदेव (अंबाड़ा): अंबाड़ा चौकी अंतर्गत हिंगलाज बैरियर के पास आदिवासी युवकों और वाहन चालक दिलीप यदुवंशी के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। साथ ही, मुख्य आरोपी पर जिला बदर की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
घटना का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 मई 2026 की रात्रि में रिछेडा निवासी दिलीप यदुवंशी अपने पिकअप वाहन से जा रहे थे। इस दौरान आरोपी आकाश कहार उर्फ टिब्बू, अजय नागवंशी, समीर उर्फ सम्मी खान, साहिल धुर्वे, संजू धुर्वे और लकी पटेल (सभी निवासी अंबाड़ा) ने उन्हें वाहन से नीचे उतारकर मारपीट की। इस घटना में आदिवासी युवकों को भी निशाना बनाया गया।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 184/25 एवं 185/26 के तहत धारा 119, 126(2), 296(a), 115(2), 351(3) बीएनएस तथा एससीएसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया था।
पूर्व में गिरफ्तारी: पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के दो दिन बाद ही 20 मई को आरोपी मोहित साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
ताजा गिरफ्तारी: शेष आरोपियों में आकाश कहार उर्फ टिब्बू, अजय नागवंशी और समीर उर्फ सम्मी खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर आज 22 मई को जुन्नारदेव न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया।
आदतन अपराधियों पर कसेगा शिकंजा
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र के आदतन अपराधी, गुंडा बदमाशों और कोयला चोरों पर पैनी नजर रखी जा रही है। मुख्य आरोपी आकाश कहार उर्फ टिब्बू (27 वर्ष) पिता सदन कहार, जो क्षेत्र का एक कुख्यात बदमाश है, उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्यवाही प्रस्तावित की गई है। पुलिस अन्य उपद्रवियों पर भी प्रतिबंधात्मक और जिला बदर जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को एसडीओपी जुन्नारदेव सुनील वरकडे के कुशल निर्देशन में अंजाम दिया गया। टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक जे. मसराम, उप निरीक्षक संजय सोनवानी, उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे तथा आरक्षक योगेश जंगले, संस्कार बघेल, योगेश रघुवंशी और नीलेश पाल की सराहनीय भूमिका रही।
