नगर निगम सभाकक्ष में आयोजित हुई समीक्षा बैठक
corn city chhindwara .शनिवार को नगर निगम सभाकक्ष में नगर निगम आयुक्त श्री सी.पी. राय की अध्यक्षता में विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में विभागीय कार्यों की समयबद्ध प्रगति एवं निष्पादन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रमुख रूप से सत्कार तिराहे पर निर्माणाधीन नाली निर्माण कार्य, नागरिकों द्वारा जनआकांक्षा पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के संतोषजनक निराकरण की प्रगति, संबल एवं नया सवेरा योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के आवंटन की स्थिति पर चर्चा की गई। इसके साथ ही निगम की श्रम शाखा अंतर्गत संचालित निर्माण कर्मकार योजना में दी जा रही सहायता एवं श्रमिक पंजीयन कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त श्री राय ने सांसद एवं विधायक निधि से कराए गए तथा प्रगतिरत निर्माण कार्यों की जानकारी ली। वहीं अमृत योजना के अंतर्गत रेस्टोरेशन, हाइड्रो टेस्टिंग एवं लीकेज संबंधी कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण के दौरान संबंधित विभाग शिकायत बंद करने से पूर्व आयुक्त कार्यालय को विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में आवास योजना अंतर्गत हितग्राहियों की सूची का अवलोकन करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना गीता भवन निर्माण कार्य का विशेष उल्लेख करते हुए उसकी प्रगति पर चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली, प्याऊ जल मंदिर की स्थापना, नदी एवं बावड़ियों के संवर्धन, नाले-नालियों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण, अमृत अभियान के तहत रोपे गए पौधों की स्थिति तथा आगामी पौधरोपण कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
