15°C New York
June 1, 2026
नगर पालिका की लापरवाही से मच्छरों का प्रकोप, फॉगिंग न होने से नागरिक परेशान
Chhindwara Latest News Madhaya Pradesh

नगर पालिका की लापरवाही से मच्छरों का प्रकोप, फॉगिंग न होने से नागरिक परेशान

Jun 1, 2026

संतोष आमरे। कॉर्न सिटी जुन्नारदेव। नगर पालिका परिषद जुन्नारदेव के विभिन्न वार्डों में मच्छरों का आतंक इन दिनों अपने चरम पर है। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के कारण लोगों का जीना दुश्वार हो गया है और बीमारियों के फैलने का खतरा भी मंडराने लगा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा मच्छरों को भगाने के लिए की जाने वाली फॉगिंग (धुआं मशीन) का उपयोग लंबे समय से नहीं किया गया है, जिससे मच्छरों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुई है।

बीमारियों का बढ़ा खतरा

नगर के वार्डवासियों ने बताया कि शाम ढलते ही मच्छरों की फौज सक्रिय हो जाती है, जिसके कारण बच्चों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। निवासियों को डर सता रहा है कि यदि समय रहते फॉगिंग और नालियों में दवा का छिड़काव नहीं किया गया, तो शहर में मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ सकता है।

जिम्मेदार मौन, जनता त्रस्त

स्थानीय नागरिकों ने इस संबंध में नगर पालिका के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई है, लेकिन अब तक फॉगिंग मशीन का संचालन शुरू नहीं किया गया है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों के प्रति उदासीन बना हुआ है। शहर की नालियों में गंदगी और पानी का जमाव मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रहा है।

क्या कहते हैं जिम्मेदार?

इस संबंध में जब हमने नगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने का प्रयास किया, तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। शहर की जनता ने जिला प्रशासन और नगर पालिका के वरिष्ठ अधिकारियों से अविलंब फॉगिंग कराने और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव की मांग की है ताकि बढ़ते प्रकोप से राहत मिल सके।