1000 कि.ग्रा. महुआ लाहन नष्ट, 30 लीटर कच्ची शराब की गई जप्त
उमरानाला क्षेत्र में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1000 कि.ग्रा. महुआ लाहन नष्ट, 30 लीटर कच्ची शराब की गई जप्त
छिन्दवाड़ा/10 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर.वैद्य के मार्गदर्शन में शुक्रवार को आबकारी वृत्त-1 के अंतर्गत छिंदवाड़ा आबकारी अमले द्वारा उमरानाला क्षेत्र में अवैध शराब के अड्डों पर सघन दबिश कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान ग्राम तेलिया पाठर, ग्राम रंगारी तालाब तथा उमरिया दलेल में घरों एवं नाले के किनारे तलाशी ली गई। इस दौरान तीन चढ़ी भट्टियां, प्लास्टिक के ड्रमों एवं गंजों में भरा लगभग 1000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया, जिसे नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
आबकारी टीम ने मौके से 30 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची शराब भी जप्त की। इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध कुल 4 प्रकरण दर्ज करते हुए मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में आबकारी अधिकारी श्री जी.एल. मरावी, श्री राजेश सिंघल, आबकारी उपनिरीक्षक श्री नरेंद्र नागेश, आबकारी मुख्य आरक्षक श्री लक्ष्मीचंद, श्री जगदीश डहरवाल, श्री राजकुमार यदुवंशी तथा आबकारी आरक्षक श्री जितेंद्र सिंह, श्री राजकुमार सैयाम एवं सुश्री सोनाली बरकड़े की सक्रिय सहभागिता रही।
