15°C New York
October 17, 2026
स्थानांतरित सचिव का मामला कलेक्टर ने दिए SDM को सख्त कार्रवाई के निर्देश
Chhindwara Latest News Madhaya Pradesh

स्थानांतरित सचिव का मामला कलेक्टर ने दिए SDM को सख्त कार्रवाई के निर्देश

Oct 11, 2026

जनसुनवाई में गूंजा खमराकलां के स्थानांतरित सचिव का मामला कलेक्टर ने दिए SDM को सख्त कार्रवाई के निर्देश

कॉर्न सिटी। जुन्नारदेव। ग्राम पंचायत खमराकलां के ग्रामीण एवं पीड़ित आवेदक उदय नागवंशी मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ के समक्ष उपस्थित हुए। उन्होंने ग्राम पंचायत के स्थानांतरित सचिव पुष्प कुमार विश्वकर्मा के खिलाफ अभद्र व्यवहार, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायती आवेदन सौंपा।

शिकायतकर्ता उदय नागवंशी ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल जनपद पंचायत जुन्नारदेव की सीईओ को फोन लगाया, लेकिन काल रिसीव न होने पर उन्होंने तुरंत एसडीएम जुन्नारदेव को दूरभाष पर संपर्क किया। कलेक्टर ने व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत पत्र की प्रति भेजते हुए पूरे मामले में तत्काल व वैधानिक कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

यह है पूरा मामला
शिकायत आवेदन के अनुसार, गत 2 अक्टूबर को आवेदक जब पेयजल समस्या को लेकर सचिव पुष्प कुमार विश्वकर्मा के पास गया, तो सचिव द्वारा उसके साथ सार्वजनिक रूप से जातिसूचक व अभद्र भाषा का प्रयोग कर अपमानित किया गया। आरोप है कि उच्च न्यायालय एवं जिला पंचायत के आदेशों के बावजूद सचिव का स्थानांतरण ग्राम पंचायत रावनवाड़ा होने के बाद भी उन्हें रिलीव नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही पिछले 38 महीनों से अवैध रूप से वेतन आहरण तथा डिजिटल सिग्नेचर (DSC) का अनधिकृत उपयोग कर मनरेगा व अन्य शासकीय योजनाओं में गड़बड़ी करने का भी आरोप है।

आवेदक व ग्रामीणों की मांग
आवेदक एवं ग्राम पंचायत के पंचों व गवाहों, योगेश उईके, मतिभान मर्सकोले, सुनील वनस्पतिया व प्रमिला बंसल ने सचिव के विरुद्ध अजा/अजजा (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करने, ग्राम पंचायत खमराकलां के समस्त वित्तीय लेन-देन की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपी सचिव को तत्काल प्रभाव से रिलीव करने की मांग की है।

कलेक्टर द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों के बाद अब देखना होगा कि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जुन्नारदेव द्वारा इस मामले में क्या प्रशासनिक व कानूनी कदम उठाए जाते हैं।