15°C New York
March 14, 2026
मोबाइल छोड़ो – मैदान जोड़ो” के संदेश के साथ बच्चों के लिए सुनहरा अवसर।
Chhindwara Sports

मोबाइल छोड़ो – मैदान जोड़ो” के संदेश के साथ बच्चों के लिए सुनहरा अवसर।

Mar 14, 2026

जुन्नारदेव में 2 माह का समर स्पोर्ट्स कैंप 

बच्चों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मिलेगा मौका।

Corn City.जुन्नारदेव।* आज के डिजिटल दौर में जहाँ बच्चे मोबाइल और टीवी की दुनिया में अधिक समय बिताने लगे हैं, वहीं बच्चों को खेल, फिटनेस और आत्मरक्षा की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से आई मार्शल आर्ट्स स्पोर्ट्स अकादमी द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 2 माह का भव्य समर स्पोर्ट्स कैंप आयोजित किया जा रहा है। यह कैंप 20 मार्च से 20 मई 2026 तक विद्या देवी शुक्ला महाविद्यालय प्रांगण, जुन्नारदेव में प्रतिदिन शाम 5:00 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित होगा। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच योगेश रुखमांगद ने बताया कि यह समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से तैयार किया गया है। कैंप में बच्चों को कराते, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, थांगता मार्शल आर्ट, योगा व मेडिटेशन, दौड़, एथलेटिक्स, चित्रकला, वाद-विवाद, टीम गेम्स और कई रोमांचक आउटडोर गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों को ट्रेकिंग के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की सीमाओं का भ्रमण भी कराया जाएगा, जिससे उनमें साहस, प्रकृति के प्रति जुड़ाव और नई चीजें सीखने की उत्सुकता विकसित हो सके। इस समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीमवर्क, सहनशक्ति और सकारात्मक सोच का विकास करना है। बच्चों की आयु के अनुसार बालक एवं बालिका वर्ग में एथलेटिक्स प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें खिलाड़ियों को पहले बेसिक स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी और फिर उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा। गौरतलब है कि इसी समर कैंप से प्रशिक्षण लेकर अब तक 100 से अधिक खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मेडल जीतकर अपने माता-पिता और जुन्नारदेव शहर का नाम रोशन कर चुके हैं।समर कैंप में पंजीयन की अंतिम तिथि 30 मार्च निर्धारित की गई है।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच योगेश रुखमांगद ने सभी माता-पिता से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को बचपन से ही खेल, फिटनेस और आत्मरक्षा से जोड़ें, क्योंकि स्वस्थ और आत्मविश्वासी बचपन ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव होता है।